कोरोना वायरस लॉकडाउन ने 80 और 90 के दशक की पुरानी यादों को ताजा कर दिया है। इन दशकों के टीवी सीरियलों को देखकर लोग उसी जमाने की यादों में पहुंच गए। यही नहीं Ramayan के फिर से प्रसारण होने पर इस सीरियल के किरदार खुद को दशकों बाद टीवी पर देख रहे हैं। रामायण में Raavan का किरदार निभाने वाले Arvind Trivedi का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह खुद अपने घर पर बैठ टीवी पर रामायण देख रहे हैं।
रामायण के उस सीन को देखकर अरविंद त्रिवेदी की आंखें भर आई जिसमें वह सीता का अपहरण करते हैं। उन्हें इस सीन पर आंखों में आंसू लिए और हाथ जोड़ते हुए देखा जा रहा है। उन्हें देखकर साफ लग रहा है कि माता सीता के अपहरण के इस सीन को करने पर वह माफी मांग रहे हैं। वे अब 82 साल के हो गए हैं। भले ही उन्होंने रामायण में रावण का किरदार निभाया है लेकिन वह राम के भक्त हैं और उनकी भक्ति में लीन रहते हैं। शो के दोबारा शुरू होने से बहुत खुश हैं और रोजाना शो भी देखते हैं।
अरविंद त्रिवेदी 40 सालों से ज्यादा समय तक गुजराती सिनेमा में सक्रिय रहे। उन्होंने हिंदी और गुजराती में लगभग 250 फिल्में की है। अरविंद त्रिवेदी ने रामायण में काम करने से पहले विक्रम और बेताल में भी काम किया था। वे अन्य पौराणिक शो का भी हिस्सा रहे हैं। साल 1991 में अरविंद त्रिवेदी को भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में साबरकाठा निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुना गया और 1996 तक इस पद पर रहे।
बता दें कि रामायण में उन्हें पहले रावण का रोल ऑफर नहीं हुआ था उन्हें पहले केवट की भूमिका मिली थी।
उन्होंने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उनकी इच्छा केवट का रोल करने की थी। इस किरदार को करने की गुजारिश रामानंद सागर की थी। लेकिन वह सहमत नहीं थे। उन्होंने उन्हें स्क्रिप्ट पढ़ने को कहा। स्क्रिप्ट पढ़ी और जब स्क्रिप्ट वापस देकर जाने लगे तो रामानंद सागर ने रोककर बोला कि उन्हें अपना लंकेश मिल गया। वह हैरान रह गए थे क्योंकि उन्होंने कोई डायलॉग ही नहीं पढ़ा था।
उन्हें ऐसा व्यक्तित्व चाहिए था जिसमें बुद्धि-बल और मुख पर तेज दिखे।